लवेदी। सरकार ने कृषि कार्यों के लिए बिजली दरें कम कर दी हैं। इसको लेकर लखना, लवेदी क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। किसानों को सिंचाई के दौरान काफी राहत मिलने वाली है।
अभी तक फिक्स्ड चार्ज अधिक होने से किसानों को भारी भरकम बिल अदा करना पड़ता था। अब उन्हें सिंचाई के बाद पहले की तुलना में बिजली का बिल कम चुकाना पड़ेगा।
बिजली की दरें कम होने से अब बिल कम देना पड़ेगा। अभी तक तीन हजार रुपये अदा करने पड़ रहे थे, अब एक रुपये के हिसाब से देना पड़ेगा। इससे खेती में लागत कम मुनाफा अधिक मिलेगा।
उग्गरपुरा के किसान चिंटू भदौरिया ने कहा कि बिजली की दरें कम करने से काफी फायदा मिलने वाला है। बताया कि डीजल की कीमतें भी ज्यादा हैं। बिजली की दरें भी महंगी थी। इससे ज्यादा खर्चा आ जाता था।
वहीं, लखना के किसान चंद्रशेखर कुशवाहा ने बताया कि किसानों को काफी फायदा होगा। फसलों की सिंचाई आदि कार्यों में काफी राहत मिलेगी। नवादा खुर्दकला के किसान असलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि बिजली की दरें किसानों के लिए आधी होने से काफी फायदा होगा।