ताखा। लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते ऊसराहार सबस्टेशन से जुड़े करीब 60 गांवों में 45 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार शाम से बिजली गुल होने के कारण ग्रामीणों और कस्बा वासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ऊसराहार सबस्टेशन को बिजली आपूर्ति देने वाली 33 केवी लाइन के तीन खंभे और एक क्रॉस टूट जाने से शुक्रवार शाम बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके चलते पुरैला, भगवानपुर, आनंदपुर, कस्बा ऊसराहार, बम्हनीपुर, बहादुरपुर, नगला लछी, रुद्रपुर, चमरपुर, हरकुंजलपुर, गैलवार, बदकन शाहपुर, भरतपुर खुर्द और भरतपुर कलां समेत करीब 60 गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। रविवार शाम तक 33 केवी लाइन के तीनों खंभे लगाकर मुख्य लाइन चालू कर दी गई, लेकिन इसके बावजूद ऊसराहार बिजलीघर से जुड़े किसी भी फीडर की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बिजली न आने से घरेलू कामकाज, पेयजल आपूर्ति और दुकानदारों का कारोबार प्रभावित रहा। बिजली निगम के जेई सतेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्य लाइन चालू कर दी गई है। जल्द ही सभी फीडरों की आपूर्ति भी बहाल कर दी जाएगी।
.....................................
बकेवर क्षेत्र में कई गांवों में रविवार को भी नहीं आ सकी बिजली
बकेवर। तेज हवा के साथ हुई बारिश से ठप हुई बिजली आपूर्ति रविवार दोपहर तक भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी। 33 हजार की लाइन का फॉल्ट शनिवार रात करीब आठ बजे ठीक होने बाद बकेवर बिजली उपकेंद्र पर बिजली आ सकी जिससे बकेवर कस्बा व लखना में बिजली आपूर्ति चालू हो गई।जबकि देहात क्षेत्र के कई गांवों में अंधेरा छाया रहा। लखना बिजली घर से ग्रामीण फीडर के गांवों की आपूर्ति शनिवार रात चालू नहीं हो सकी थी। एसडीओ बकेवर अनूप कुमार ने बताया बारिश के कारण लाइनों में कई जगह फॉल्ट हुए थे। उन फॉल्टों को दुरुस्त कराकर ज्यादातर सभी फीडरों की आपूर्ति बहाल कर दी है। जो गांव रह गए हैं उनका काम चल रहा है जल्द ही उनकी भी आपूर्ति बहाल हो जाएगी।