इकदिल। तेज हवा और बारिश के बाद 38 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने के बाद अब ट्रांसफार्मर खराब होने से नगर पंचायत के पंप नंबर एक और दो बंद हैं। इससे आधे कस्बे में पिछले दो दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी है। चार दिन से बिजली और पानी के संकट से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे तेज हवा और बारिश के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। करीब 38 घंटे बाद शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो नगर पंचायत के पानी के पंपों का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। शनिवार को ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हो सका। रविवार शाम तक नया ट्रांसफार्मर भी नहीं पहुंचा, जिससे सोमवार सुबह भी पानी की आपूर्ति प्रभावित रहने की आशंका है।
कस्बा निवासी सुनील राजपूत ने बताया कि रविवार सुबह ट्रांसफार्मर ठीक कराने के लिए विद्युत विभाग ने शटडाउन लिया था। शाम छह बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी और न ही ट्रांसफार्मर ठीक हुआ। उन्होंने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार बिजली-पानी संकट से लोगों में आक्रोश है।
एसडीओ प्रेमचंद ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को ठीक करने का प्रयास किया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। नए ट्रांसफार्मर के लिए कागजी कार्रवाई कर दी गई है। ट्रांसफार्मर आने के बाद उसे लगाकर पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।