समीक्षा बैठक में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री सतीश द्विवेदी व अन्य।
- फोटो : ETAWHA
इटावा। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी की मंडलीय समीक्षा बैठक में शुक्रवार को बीएसए इटावा अजय कुमार सिंह एवं जिला समन्वयक मिड डे मील अरुण यादव पर गाज गिरी है। राज्यमंत्री ने बीएसए इटवा और डीसी एमडीएम को हटाने एवं वित्त लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। बीएसए पिछले काफी समय से भाजपाइयों के निशाने पर थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उनकी कार्यशैली को लेकर शिकायतें कर रखी थीं।
निशुल्क यूनिफार्म वितरण की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि इटावा में अच्छी गुणवत्ता न होने कारण जिलाधिकारी ने निशुल्क यूनिफार्म के भुगतान पर रोक लगा दी थी। इसके बाद गुणवत्तापूर्ण यूनिफार्म वितरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जनपद फर्रुखाबाद और कानपुर देहात में सितंबर तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। कन्नौज और औरैया में लगभग 50 और 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण का कार्य संपूर्ण मंडल में पूर्ण कर लिया गया है। मिड डे मील वितरण की समीक्षा में बताया गया कि संपूर्ण मंडल में शासन के निर्देशों के अनुसार कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कानपुर देहात और कानपुर नगर को छोड़कर सभी जनपदों में एआरपी चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
संकुल शिक्षक चयन की समीक्षा में पाया गया कि संपूर्ण मंडल में संकुल शिक्षकों का चयन कर लिया गया है। राज्यमंत्री ने विकास खंड बसरेहर के संकुल शिक्षक चयन की प्रक्रिया दोबारा किए जाने के निर्देश दिए हैं। अपर प्राइमरी विद्यालयों में फर्नीचर क्रय के संबंध में उन्हें बताया गया कि कानपुर देहात में फर्नीचर की स्थिति एवं गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है।
शासन के निर्देशों के अनुपालन में संचालित निष्ठा प्रशिक्षण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि इटावा में प्रशिक्षण करा दिया गया है। कन्नौज और औरैया में 60 प्रतिशत प्रशिक्षण का कार्य पूर्ण हो चुका है। कानपुर देहात और फर्रुखाबाद में तीन और पांच विकास खंडों में अभी भी कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्य में तेजी लाई जाए। विकास खंड अधिकारियों को दिए जाने वाले शासकीय वाहनों की स्थिति में बताया गया कि कानपुर देहात और औरैया को छोड़ कर सभी में वाहन क्रय कर लिए गए हैं। कानपुर देहात और औरैया में वाहनों के क्रय की प्रक्रिया चल रही है।
बैठक के अंत में उन्होंने एडी बेसिक कानपुर मंडल को निर्देश दिए कि इटावा के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह और जिला समन्वयक मिड डे मील अरुण यादव को तत्काल प्रभाव से हटाने के लिए आवश्यक पत्राचार की कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए। इस दौरान सदर विधायक सरिता भदौरिया, भरथना विधायक सावित्री कठेरिया, जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, डायट प्राचार्य औरैया देवेंद्र प्रकाश, डायट प्राचार्य कन्नौज ओपी सिंह, डायट प्राचार्य फर्रुखाबाद विजय पाल, डायट प्राचार्य कानपुर देहात, डायट प्राचार्य कानपुर नगर मौैजूद रहे।