इटावा में वार्ता करते बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी, साथ में सदर विधायक सरिता भदौरिया,
- फोटो : ETAWHA
इटावा। बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर सुप्रीम कोर्ट में पूरी सुनवाई होने के बाद फैसला सुरक्षित है। निर्णय आते ही शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार पूरी तरह से तैयार है। फैसला आने के बाद उस दिशा में कदम बढ़ाएंगे।
प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी ने शुक्रवार को सिंचाई विभाग के सभागार में वार्ता के दौरान बताया कि जून में काउंसलिंग होनी थी, लेकिन तीन जून के हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की गई थी। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित कर लिया है। फैसला आने पर ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। स्कूल खोले जाने के बारे में कहा कि केंद्र सरकार तथा गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार ही खोले जाएंगे। यूनिफार्म वितरण के सवाल पर कहा कि कपड़ा ज्वलनशील न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। पांच साल तक कर्मियों को संविदा पर रखे जाने के सवार पर कहा कि सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। लिहाजा इस पर कुछ नहीं कह सकते।
स्कूलों के फीस मांगने के संबंध में बताया कि तीन-तीन महीने की फीस नहीं मांग सकते। इसके लिए अभिभावकों पर दबाव भी नहीं बना सकते। उन्होंने कहा कि आगरा शिक्षक एवं स्नातक चुनाव के संबंध में वे इटावा आए हैं। पार्टी दोनों जगह से चुनाव लड़ रही है। इसी सिलसिले में पार्टी की प्रगति समीक्षा बैठक करने आए हैं। वार्ता के दौरान सदर विधायक सरिता भदौरिया, भरथना विधायक सावित्री कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय धाकरे आदि भाजपा नेता उपस्थित रहे।