इटावा। अग्निपथ योजना के विरोध में सैफई स्टेशन पर कुछ युवकों के पहुंचने की सूचना पर मंगलवार को भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस के पहरे में मैनपुरी-आगरा मेमू ट्रेन को निकाला गया।
स्टेशन पर युवकों के पहुंचने की सूचना सैफई क्षेत्र की पुलिस को मिली थी। सीओ विवेक जवाला और थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक पुलिस बल के साथ सैफई स्टेशन पहुंचकर चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन पर पहुंची मैनपुरी-आगरा मेमू ट्रेन की बोगियों के अलावा ट्रैक किनारे भी चेकिंग की गई। इत्मीनान होने के बाद अधिकारियों ने ट्रेन को सुरक्षा के बीच निकालवाया। सीओ ने बताया कि स्टेशन पर कोई संदिग्ध नहीं मिला।
एसपी सिटी कपिल देव सिंह ने दोपहर बाद फोर्स के साथ इटावा रेलवे स्टेशन का जायजा लिया। इसके साथ जीआईसी मैदान भी गए। बस स्टैंड पर गुट बनाकर खड़े युवक पुलिस को देखकर भाग गए। एसपी ने पुलिस अधिकारियों से यात्रियों और बस स्टैंड के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।