फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर कॉलोनी में हत्या कर चोरी का मामला
पुलिस की तीन टीमें चोरों की तलाश में दे रहीं दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। शहर के दुर्गा नगर कॉलोनी में महिला की हत्या करके घर से चार लाख रुपये व लाखों के जेवर चोरी होने की वारदात में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके चार से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। कई फोन नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर कॉलोनी निवासी जितेंद्र सिंह चौहान पत्नी सविता चौहान (55) की हत्या के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी है। चार से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
इन लोगों की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगी थीं। अधिकांश को कॉलोनी के आसपास देखा गया था। घटना वाली रात की लोकेशन और महिला के घर के आसपास दिखने पर उनसे पूछताछ की जा रही है।
घटना वाली रात कोहरा अधिक होने से कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के आगे धुंध आने से संदिग्ध लोगों की पहचान करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस ने संदिग्ध नंबरों को चिह्नित किया है। इनको सर्विलांस पर लगाया गया है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।