बकेवर/उदी। बकेवर और बढ़पुरा थाना क्षेत्रों में बेकाबू पिकअप और डंपर ने सोमवार को दो लोगों की जान ले ली। बकेवर में पिकअप की टक्कर से युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया, जबकि उदी क्षेत्र में बेकाबू डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार बीएसएफ जवान की पत्नी की मौत हो गई। वहीं, जवान घायल हो गया।
बकेवर थाना क्षेत्र के नगला भजू गांव निवासी जगनाथ यादव का बेटा लालू यादव (25) सोमवार की शाम कस्बा बकेवर घरेलू सामान खरीदने के लिए गया था।
शाम करीब 6 बजे चचेरे भाई हिमांशु यादव के साथ बाजार से बाइक से घर नगला भजू गांव (सराय इलाही) की तरफ लौट रहा था। लुधियानी चौराहे के पास भरथना की तरफ से आ रही पिकअप ने लालू की बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक चला रहा लालू यादव सड़क पर गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा चचेरा भाई हिमांशु यादव बाल-बाल बच गया।
इसी पिकअप ने बाइक में टक्कर मारने के बाद बकेवर से लुधियानी गांव जा रहे साइकिल सवार देवलाल बाथम को भी टक्कर मार दी। इससे लुधियानी गांव निवासी देवलाल भी घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस ने पीछा करके हाईवे से चालक व पिकअप को पकड़ लिया। थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बताया कि लालू के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
लालू की शादी चार साल पहले हुई थी। उसके तीन साल की बेटी है। उधर, ग्वालियर-बरेली हाईवे पर बढ़पुरा थाना क्षेत्र के कामेत गांव के सामने सोमवार को तेज रफ्तार डंपर ने बीएसएफ कर्मी ज्ञान सिंह भदौरिया की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उनकी पत्नी निर्मला देवी (55) उछल कर सड़क पर गिर गईं।
बीएसएफ कर्मी की पत्नी की डंपर के पहियों के नीचे आने से मौत पर मौत हो गई, जबकि घायल ज्ञान सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक डंपर समेत मौके से भाग गया।
बाइक से कूप गांव जा रहे थे दंपती
शहर की ओमशांति कालोनी निवासी ज्ञान सिंह भदौरिया मूलरूप से एमपी के भिंड जिले के कूप गांव के रहने वाले हैं। दोपहर में ज्ञान सिंह पत्नी निर्मला के साथ बाइक से कूप गांव जा रहे थे।
राहगीरों की सूचना पर उदी चौकी प्रभारी मनोज कुमार पहुंचे और ज्ञान सिंह को अस्पताल भिजवाया। ज्ञान सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सड़क के किनारे बाइक चला रहे थे।
पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। इसके बाद पत्नी को कुचलते हुए चालक डंपर लेकर ग्वालियर की तरफ भाग गया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हेलमेट लगाए होता तो जान बच जाती
हादसे के वक्त लालू और उसके चचेरे भाई हिमांशु ने हेलमेट नहीं रखा था। पिकअप की टक्कर लगने से लालू सिर के बल जमीन पर गिरा। इससे सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि लालू हेलमेट लगाए होता तो उसकी जान बच सकती थी।
बीच बचाव में पहुंची महिला की दिया धक्का, मौत
सैफई। वैदपुरा क्षेत्र के सैदपुरा गांव में रविवार की देर रात 12 बजे बलराम सिंह के बेटे पवन का पड़ोसी प्रियांशु से विवाद हो गया। नशेबाजी को लेकर हुए विवाद में दोनों के बीच मारपीट हो गई।
शोरगुल सुनकर पवन की मां खिलौना देवी (62) पहुंचीं और बीच-बचाव की कोशिश की। उसी दौरान प्रियांशु ने उन्हें धक्का दे दिया। इससे खिलौना देवी जमीन में गिर गईं। सिर पर चोट लगने से वह घायल हो गईं।
इसी बीच आरोपी प्रियांशु मौके से भाग गया। परिजनों ने घायल खिलौना देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह ने बताया कि बलराम सिंह की तहरीर पर प्रियांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद खिलौना देवी का शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। आरोपी की तलाश की जा रही है।