सैफई। उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 30वीं मास्टर स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मेजर ध्यान चंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के एथलेटिक्स प्रशिक्षक सिद्धार्थ कृष्णा ने 5 किलोमीटर पैदल चाल में स्वर्ण पदक जीता है। यह प्रतियोगिता 10 दिसंबर को बस्ती में हुई थी।
सिद्धार्थ कृष्णा पूर्व में भी भारतीय एथलेटिक्स की टीम से चीन में आयोजित एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर रजत पदक प्राप्त कर देश प्रदेश का मान बढ़ा चुके हैं। कृष्णा का चयन 24 फरवरी 2022 से हैदराबाद तेलंगाना में नेशनल मास्टर्स प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। इनको मास्टर्स में स्वर्ण पदक जीतने पर जिला एथलेटिक एसोसिएशन इटावा के सचिव एस के यादव ,कोषाध्यक्ष मयंक यादव, संयुक्त सचिव, डॉक्टर मोहम्मद जियाउर्रहमान, प्रमोद कुमार, कमलेश कुमार यादव, गजेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, राजीव कुमार, यामिनी सिंह ने बधाई दी।