जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो को सैफई मेडिकल कॉलेज और तीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोरमी थाना क्षेत्र के बबूलपुरा गांव निवासी ब्रजकिशोर राठौर (35) पुत्र दिनेश कुमार रविवार रात बाइक से ससुराल मैनपुरी के गोंदई गांव जा रहे थे। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में कठेखेरा और सराय भूपत फाटक के बीच वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न पहने होने के कारण ब्रजकिशोर के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी और शव को मोर्चरी भेजा। सोमवार को परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने बताया कि ब्रजकिशोर हलवाई का काम करता था। परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं।
नगला खुशाली गांव निवासी रवि (16) पुत्र राजवीर सिंह और पुष्पेंद्र (18) पुत्र रामाधार की बाइक में धनुआं जाते समय किसी वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों घायलों को राहगीरों ने सीएचसी भेजा, जहां से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पीहरपुर गांव से पहले खारजा पुल पर बाइक फिसलने से अनुज यादव (17), ऋषि (18) और अमित (20) घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया है। मानिकपुर विशु निवासी बाइक सवार ब्रह्माणी देवी दर्शन करके लौट रहे थे।