रैन बसेरा का रजिस्टर चैक करते एसडीएम भरथना विजय शंकर तिवारी
- फोटो : ETAWAH
भरथना। रैन बसेरे का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम विजय शंकर तिवारी को ताला बंद मिला। मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद न होने पर उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने वहां ड्यूटी पर तैनात तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
नगर पालिका परिषद भरथना के अधिशासी अधिकारी रामआसरे कमल ने बताया कि गुरुवार रात स्टेशन रोड स्थित अस्थायी रैन बसेरे का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम को वहां ताला बंद मिला। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को फोन किया गया। किसी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उपजिलाधिकारी ने दूसरे कर्मचारी को बुलाकर ताला खुलवाया। उन्होंने सफाई व्यवस्था चुस्त रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम के निर्देश पर रैन बसेरे में तैनात कर्मचारी इलम सिंह चपरासी, अभिषेक कुमार चपरासी व शेर सिंह बैक लॉग सफाईकर्मी को लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
इसके अतिरिक्त वसूली कार्य में लगे हुए चार कर्मचारियों संजीव कुमार, महेंद्र पाल सिंह व मरजात सिंह सहित एक अन्य की वसूली मानक के अनुरूप ना होने के कारण एवं कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
ऊसराहार संवाद प्रतिनिधि के अनुसार उपजिलाधिकारी ताखा कौशल कुमार ने कालका माता मंदिर के पास रैन बसेरे का शुभारंभ किया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि सर्दियां शुरू हो गई हैं। इसलिए प्रमुख जगहों पर रैन बसेरे बनाए जा रहे हैं। इस मौके पर तहसीलदार ताखा जगदीश सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल रोहित सविता, व अन्य लोग मौजूद रहे।