थाना क्षेत्र के नगला सुंदर गांव में शक्रवार दोपहर दो भतीजों व बेटे के बीच हो रहे झगड़े में ताऊ जवाहर लाल 60) ने बीच बचाव का प्रयास किया। इस बात से गुस्साएं भतीजे अनवीर ने चाचा के सिर में लाठी मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। साथ ही चाची को भी पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके से भाग रहे आरोपी को परिजनों ने पकड़कर कमरे में बंद कर दिया, तभी सूचना पर पहुंची पुलिस से पकड़कर थाने ले गई।
बकेवर के नगला सुंदर गांव निवासी जवाहर लाल किसान है। वह शुक्रवार को अपनी पत्नी बुद्धा के साथ खेत गए थे। दोपहर करीब एक बजे किसान के छोटे भाई मोतीलाल के बेटे अनवीर व जयवीर के बीच घर के पास जनवार बांधने को लेकर विवाद हो गया। तभी वहां पर किसान का बेटा सुखवीर पहुंचा और दोनों को समझाने का प्रयास करने लगा। तभी अनवीर, अपने चचेरे भाई सुखवीर से झगड़ा करने लगा। इसी दौरान खेत से किसान जवाहर अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे। बेटे व भतीजों के बीच मारपीट होती देख वृद्ध दंपती ने बीच बचाव का प्रयास किया।
आरोप है कि बचाव करने के दौरान बड़े भतीजे अनवीर ने अपने ताऊ जवाहर के सिर में लाठी मार दी, जिससे वह मराणासन्न हो गए और ताई को भी पीटकर घायल कर दिया। इसी बीच झगड़े की सूचना किसी ने डायल 112 पर दे दी। सूचना पर डॉयल 112 व थाना प्रभारी विद्या सागर पुलिस बल के साथ मौके पर मौके पर पहुंचे। पुलिस किसान को जिला अस्पताल व घायल वृद्धा को महेवा सीएचसी ले गई। किसान जवाहर को जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला बुद्धा देवी की हालात नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी विद्या सागर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपी व मृतक के बेटे के बीच शराब के बीच में झगड़ा हुआ था। बचाव करने के दौरान आरोपी ने अपने ताऊ पर हमला कर हत्या कर दी।
भाग रहे आरोपी को परिजनों ने पकड़ा
ताऊ जवाहर लाल व चाची बुद्धा देवी को पीटकर भाग रहे आरोपी अनवीर को सुखवीर समेत अन्य परिजनों ने मौके से पकड़ लिया। आरोपी को पीटकर परिजनों ने उसे घर के अंदर एक कमरे में बंद कर दिया। इसी बीच सूचना पर पुलिस पहुंची। मौजूद परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। कमरे में बंद आरोपी को बाहर निकलवाकर परिजनों व ग्रामीणों के सामने उसे थाने ले गई, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।