मृतिका रुचि शाक्य की फाइल फोटो
- फोटो : ETAWAH
बसरेहर (इटावा)। कस्बे में बडौदा पूर्वांचल बैंक के सामने बाइक से गिरी महिला और उसके डेढ़ साल के बच्चे को रोडवेज बस ने कुचल दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। भीड़ लगने से हाईवे पर करीब 45 मिनट जाम लगा रहा। बसरेहर पुलिस ने बस को हटाकर यातायात बहाल कराया।
सैंफई थानाक्षेत्र के गांव टिमरुआ के उमाकांत शाक्य की पत्नी रुचि शाक्य (26) मंगलवार दोपहर करीब दो बजे भांजे सुरजीत के साथ बाइक से खरीदारी करने बसरेहर बाजार आईं थीं। साथ में डेढ साल के बेटा आरव शाक्य भी था। पूर्वांचल बैक के पास लिंक रोड से बरेली रोड पर चढ़ाते समय बाइक फिसल गई। रुचि गोद में लिए डेढ़ साल के बच्चे के साथ सड़क पर जा गिरीं। इसी बीच इटावा की ओर से आ रही रोडवेज बस दोनों को रौंदते हुए निकल गई। चालक बस को खड़ी कर भाग गया। जानकारी मिलने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए, इससे सड़क पर जाम लग गया।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे मां-बेटे को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया यातायात बहाल कराया। करीब पौन घंटे तक यातायात बाधित रहा।
मासूम आरव की फाइल फोटो- फोटो : ETAWAH
हादसे के मौके पर लगी भीड़- फोटो : ETAWAH