इटावा। जनपद न्यायालय सभागार में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। शुभारंभ जनपद न्यायाधीश विनय कुमार द्विवेदी ने दीप जलाकर किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित लोक अदालत में अब तक के सर्वाधिक 33098 वादों का निस्तारण किया गया।
निस्तारित मामलों में मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति के 47 मामलों में 2,59,35,000 रुपये प्रतिकर के रूप में पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति अधिकरण देवेंद्र सिंह द्वितीय ने निर्धारित किए। फौजदारी के 15143 वादों का निस्तारण करते हुए 10,78,520 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विष्णु कुमार शर्मा तथा अतिरिक्त परिवार न्यायाधीश रेनू सिंह ने संयुक्त रूप से 35 वैवाहिक प्रकरणों का निस्तारण किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जसवीर सिंह ने बताया न्यायिक अधिकारीगण के अतिरिक्त विभिन्न विभागों व बैंकों से संबंधित प्री-लिटिगेशन के 30181 वाद निस्तारित किए गए।
साथ ही 2,16,70,1486 रुपये वसूल किए गए। प्री-लिटिगेशन व लंबित वादों का निस्तारण करते हुए सकल रूप में मामले निस्तारित किए गए।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी व अधिवक्ता व बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे। इस दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा, बड़ौदा यूपी बैंक, एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, बिजली विभाग समेत कई फाइनेंस कंपनियों के स्टाल लगे हुए थे।