बसरेहर (इटावा)। जिले के दौरे पर आए स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मंगलवार को बसरेहर ब्लाक की ग्राम पंचायत खेड़ाहेलू में तालाब का भूमि पूजन किया। इसके बाद चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर मनमाने करने के आरोप लगाए।
चौपाल में राज्यमंत्री ने महिलाओं से पहला सवाल किया, गुंडागर्दी हो रही है या नहीं। महिलाओं कहा कि गुंडागर्दी बंद हो गई है। मंत्री ने 65 वर्षीय रानी देवी से उनका हाल पूछा। इसके बाद दिव्यांग घनश्याम कठेरिया को माला पहनाई। घनश्याम ने रिक्शा दिलवाने की मांग की। कहा, कई बार आवेदन दिया लेकिन ट्राईसाइकिल नहीं मिली। हृदयराम यादव ने कहा कि राशन बांटने में मनमानी की जाती है। मंत्री ने अधिकारियों से नाराजगी जताई, कहा जनता की समस्या सुनें और उनका समाधान करें।
पत्तापुरा के रविंद्र कुमार यादव प्रार्थनापत्र देकर बताया कि कुछ दबंग जमीन पर कब्जा किए हैं, कई बार शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। मंत्री ने उसे दिन में निराकरण का आदेश दिया।
राज्यमंत्री गर्भवती महिलाओं को फल बांटे और सात माह के शतांशु को चम्मच से दूध पिलाया। डीएम श्रुति सिंह, एसएसपी जयप्रकाश, एसडीएम, पीडी,जैकेश त्रिपाठी, विवेक शाक्य उर्फ गुड्डू आदि मौजूद रहे।
तीन घंटे ही मिलती है बिजली
कुसैली गांव के संतोष कुमार कार्यक्रम से पहले गांव में शौचालय और जॉबकार्ड न बनने की चर्चा कर रहे थे। मंत्री के आने से पहले अधिकारियों ने उन्हें मना लिया। चौपाल में संतोष ने बिजली न आने की समस्या उठाई।
मंत्री ने पूछा कि बिजली मिलती है, तो संतोष व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सिर्फ तीन घंटे ही बिजली आती है। सपा शासनकाल में 22 से 24 घंटे बिजली मिलती थी। ग्रामीणों ने चेकिंग अभियान में निर्दोषों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आरोप भी लगाए।
छुट्टा गोवंश गोशालाओं में भिजवाएं
इटावा। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विकास भवन के सभागार में समीक्षा भी की। इसमें आयुष्मान कार्ड कम बनने पर नाराजगी जताई। 79315 लक्ष्य के साक्षेप 20.29 प्रतिशत गोल्डल कार्ड ही बन पाए हैं।
डीपीआरओ से गांवों में कार्यरत सफाई कर्मियों की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारी कार्य करते समय की फोटो प्रतिदिन मोबाइल से भेजें। नालियों का कूड़ा उसी दिन उठाएं।
उन्होंने सड़कों, चौराहों पर घूम रहे गोवंशों को गोशालाओं में भेजने के निर्देश भी दिए। कहा कि घोषणापत्र के संकल्पों को 100 दिन में पूरा किया जाए। अधिकारी कागजी खानापूर्ति क बजाए धरातल काम करें। बैठक में विधायक सरिता भदौरिया भी मौजूद रहीं।
वैश्य समाज ने किया मंत्री का स्वागत
इटावा। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल को सोमवार शाम अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष विवेक गुप्ता ने अपने नखासा स्थित आवास पर स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि दिनभर कितना भी व्यस्त रहूं लेकिन व्यस्तता के बीच एक शाम समाज के नाम से जरूर करता हूं, ताकि समाज के लोगों से मेरा सीधा संवाद बना रहे।
संगठन के महामंत्री बृजेश गुप्ता चंचल, संगठन प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष, विनीता गुप्ता, कृष्ण मुरारी गुप्ता, अनंत अग्रवाल,श्री भगवान पोरवाल, विक्रम स्वरूप अग्रवाल, अन्नू गुप्ता, विवेक रंजन आदि उपस्थित रहे। पायल, राधा जैन ने काव्य पाठ किया।
विकलांग पुनर्वास केंद्र के स्थापना की मांग
जिला विकलांग एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार जाटव व मंत्री संतोष कुमार त्रिवेदी ने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार को ज्ञापन दिया। इसमें जिले में विकलांगों के लिए पुनर्वास केंद्र बनवाने की मांग की गई है। कहा कि औरैया, मैनपुरी, फर्रुखाबाद समेत अन्य जिलों को भी लाभ मिलेगा।
चौपाल में जमीन पर बैठकर बुजुर्ग की समस्या सुनते राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल। संवाद- फोटो : ETAWAH
बसरेहर के खेड़ाहेलू में बच्चे को अन्नप्राशन कराते राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल। संवाद- फोटो : ETAWAH