एसएसपी के रविवार को पैदल भ्रमण के दौरान व्यापारियों की मांग पर मुख्य मार्ग पर सोमवार को शुरू की गई मिड वे (सड़क के मध्य) पार्किंग व्यवस्था को लेकर यहां के व्यापारी दो फाड़ हो गए। इसके चलते पार्किंग की इस व्यवस्था में पहले ही दिन अड़ंगेबाजी शुरू हो गई।
हालांकि विरोध के बीच सोमवार को राजागंज चौराहे से लेकर तिकोनिया के बीच सभी वाहन नए नियम के अनुसार बीच सड़क पर ही पार्क किए गए। एसएसपी मंजिल सैनी ने रविवार को मुख्य बाजार का भ्रमण किया तो जगह-जगह जाम की समस्या से रूबरू हुईं।
बातचीत के दौरान व्यापारियों ने मांग की कि शहर से जाम की समस्या को दूर करने के लिए पूर्व की तरह मिड वे पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए। इस पर एसएसपी ने सहमति जताते हुए सोमवार से बीच सड़क पर पार्किंग शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके चलते सोमवार को सुबह से ही व्यापारियों व बाजार में खरीददारी के लिए आए लोगों ने अपने वाहन बीच सड़क पर पार्क करने शुरू कर दिए। इसी बीच कुछ व्यापारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध करने वाले उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष शतुमन्यु पुरवार का कहना है कि बगैर आम सहमति के इसको लागू नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पहले ही दिन छोटे दुकानदारों को इससे खासी परेशानी हुई है। पहले भी यह व्यवस्था एक बार फ्लाप हो चुकी है। समाजवादी व्यापार सभा ने मिड वे पार्किंग का समर्थन किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष मनीष जैन व जिला महासचिव सर्वेश चौहान का कहना है कि यह शहर क ो जाम मुक्त बनाने के लिए यह सराहनीय क दम है।
पूरे शहर में इस व्यवस्था को लागू किया जाना चाहिए। वहीं, धर्मेंद्र जैन, जागेश्वर प्रसाद अग्रवाल, सुरेश यादव, संतोष कुमार, विनय प्रताप सिंह, रंजीत कुशवाहा, शिवशरण गुप्ता, गणेश अग्रवाल, डा संतोष राठौर, देवेंद्र जैन, अजमत अली, सुदर्शन जैन आदि ने मिड वे पार्किंग को सही बताया है।