बसरेहर (इटावा)। अगुपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। ससुराल वाले शव सैफई मेडिकल में छोड़कर भाग गए। भाई ने जहर देखकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव मायके वालों को सौंप दिया।
औरैया जिले के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के बेलझाली निवासी धर्मवीर ने बताया कि बड़ी बहन संगीता और छोटी बहन लता उर्फ कशिश की शादी अगुपुर गांव में हुई थी। शुक्रवार को संगीता के देवर धर्मेंद्र की लगुन आई हुई थी। इसमें शामिल होने के लिए मायके पक्ष के लोग भी गए थे। रात करीब 10 बजे लता सब के साथ खाना खा रही थी।
उसी बीच पति सुशील शराब पीकर आया और लता की पिटाई करने लगा। कमरे में ले जाकर भी पीटा। आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने जबरदस्ती लता को जहर खिला दिया। हालत बिगड़ने पर सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल वाले शव मेडिकल कालेज में छोड़ कर भाग गए। बसरेहर थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह ने बताया है कि भाई की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। ससुराल के लोग घर में ताला लगाकर भाग गए हैं। भाई के बताया कि अंतिम संस्कार के बाद तहरीर देंगे।