इटावा। प्रधानाचार्य शिक्षा देने के साथ सरकार की योजनाओं की जानकारी भी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और नगर व गांव के लोगों को देंगे। ये जिम्मेदारी रविवार को बैठक लेकर डीएम अवनीश राय ने प्रधानाचार्यों को सौंपी।
विकास भवन में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि प्रधानाचार्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के संबंध में स्कूल के अध्यापकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को जागरूक करें। जिससे पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। डीआईओएस राजू राणा ने कहा कि प्रधानाचार्यों, शिक्षकों के माध्यम से सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी छात्रों, अभिभावकों व आम लोगों को दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि शैक्षिक पंचांग के अनुसार पठन-पाठन कराएं और विद्यालय में पुस्तकालय क्रियाशील करके हिंदी व अंग्रेजी का एक-एक अखबार छात्र-छात्राओं के अध्ययन प्रतिदिन उपलब्ध कराएं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रशांत सिंह ने योजनाओं की जानकारी प्रधानाचार्यों को दी। डीडीओ डीडी वर्मा, सीएमओ डॉ. भगवान दास व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इन योजनाओं की देंगे जाएगी जानकारी
छात्रवृत्ति, कन्या सुमंगला योजना, मिशन शक्ति, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रोजेक्ट अलंकार, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग कारस्पोडेंट सखी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, शक्ति मोबाइल, महिला साइबर सेल, महिला पुलिस चौकी परामर्श केंद्र, मिशन शक्ति कक्ष, समग्र शिक्षा अभियान, विज्ञान प्रदर्शनी, प्रोजेक्टर अलंकार, टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरण, इंपायर अवार्ड योजना, अभ्युदय योजना और संचारी रोग नियंत्रण अभियान।