इटावा। बहन की शादी के साढ़े पांच लाख रुपये ऑनलाइन गेम में हारने पर आत्महत्या करने निकले युवक के भाइयों ने पुलिस को अपहरण की झूठी सूचना दे दी। पुलिस ने आत्महत्या करने निकले युवक को तलाश कर तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के घूघलपुरा निवासी शिवम यादव ने यूपी 112 पुलिस को फोन से सूचना दी कि उसके चचेरे भाई अंकित यादव का अज्ञात कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही तत्काल थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस को घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने शिवम यादव व अंकित के सगे भाई निखिल यादव से कड़ाई से पूछताछ की।
सख्ती बरते जाने पर दोनों ने बताया कि अंकित आत्महत्या के लिए घर से निकला है। उसी आधार पर पुलिस ने टीम ने उसे गांव के पास नहर किनारे से अंकित को तलाश कर घर लाया गया। अंकित यादव ने पूछताछ में बताया कि उसकी बहन की शादी फरवरी में है। पिता ने खेत बेचकर पांच लाख रुपये उसके खाते में डाल दिए थे, जोकि वह ऑनलाइन गेम खेलने में हार गया था। उसने मामा से भी 60 हजार रुपये अपने खाते में डलवाए, उसे भी जुआ में गवां दिए। इस बात की जानकारी उसके दोनों भाइयों को थी। जानबूझकर अपने भाइयों के साथ अपहरण की सूचना व घर से चले जाने पर निखिल यादव, अंकित यादव व शिवम यादव को गिरफ्तार किया गया।