बकेवर। क्षेत्र के ग्राम वीरपुर निवासी युवा का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयन हुआ है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले केशव नारायण अवस्थी का चयन आर्मी की टेक्निकल कोर में हुआ है। खास बात यह है कि उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 22 वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
पूर्व शिक्षक हृदय नारायण अवस्थी के पौत्र और मिनी बैंक संचालक राजा अवस्थी के पुत्र केशव ने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में हासिल की। इससे पहले वह बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। केशव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्वालियर और बीटेक (कंप्यूटर साइंस) से पूर्ण की।
केशव ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने दादा-दादी, माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उनकी इस सफलता पर पूर्व प्रधान जितेंद्र अवस्थी, राजीव चौधरी, प्रताप नारायण तिवारी और विजय अवस्थी ने बधाई दी।