इटावा। मुख्य विकास अधिकारी ने गोशालाओं में रह रहे गोवंशों के लिए चारा, पानी, टैगिंग का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सड़कों पर गोवंशों का घूमते दिखना चिंताजनक है। यदि ऐसा दिखा तो संबंधित की खैर नहीं, अब कार्रवाई की जाएगी।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय ने कहा कि निराश्रित गोवंशों को गो आश्रय स्थलों में संरक्षित करें। कोई भी गोवंश सड़कों पर इधर-उधर दिखाई न दे। गोवंशों के लिए भूसा की अभी से व्यवस्था कर लें।
बार-बार निर्देशों के बावजूद सड़कों पर निराश्रित गोवंश दिखते हैं। यह चिंताजनक है। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, पशु चिकित्साधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों से निराश्रित गोवंशों को संरक्षित कर उसकी सूचना उपलब्ध कराने के लिए कहा। बैठक में जिला विकास अधिकारी दीन दयाल वर्मा भी मौजूद रहे।