इटावा/ चकरनगर। हनुमंतपुरा क्षेत्र में बुधवार को सुबह आंधी के साथ करीब 20 मिनट जोरदार बारिश हुई और ओले भी गिरे। आंधी में पेड़ उखड़ गए और डालें टूट गईं। पेड़ों के गिरने से बिजली के तार भी टूट गए, इससे आपूर्ति बाधित रही। बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आ गई है।
आंधी से लखना-सिंडोस मार्ग पर कुंवारी नदी के पास सड़क पर दो पेड़ गिर गए। तारों पर पेड़ गिरने से बिजली के चार खंभे और तार भी टूट गए। इससे सिंडोस क्षेत्र के करीब 15 गांव की बिजली आपूर्ति करीब दो घंटे तक ठप रही। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने पेड़ों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। बारिश होने से तापमान कम हुआ, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है।