इटावा। प्रदेश के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य देवेश चतुवेर्दी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं खासकर आयुष्मान योजना के बारे में सीएमओ डा.एनएस तोमर से जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने अंत्योदय कार्ड धारकों के ज्यादा से ज्यादा संख्या में गोल्डन कार्ड बनाए जाने पर जोर दिया ताकि लाभार्थियों को इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके। उन्होंने लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
सीएमओ ने बताया कि आयुष्मान योजना में उमेधा चिकित्सालय को आगामी छह माह के अंदर योजना से जोड़ दिया जाएगा। उमेधा नेत्र चिकित्सालय का नाम पैनल में भेज दिया गया है। उमेधा नेत्र चिकित्सालय जिससे नेत्र रोगियों को और ज्यादा सहूलियत मिल सके। अभी तक सिर्फ कटरा बल सिंह स्थित लड़ैती भवन में ही आयुष्मान योजना के नेत्र रोगियों के इलाज कराने की सुविधा है। बताया कि इसी प्रकार स्टेशन रोड स्थित आयुष्मान योजना में सुशीला अस्पताल में 14 दिन से कम अवधि के बच्चों के इलाज कराए जाने की सुविधा नहीं है, इसे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कस्बा बकेवर स्थित 50 शैय्या अस्पताल में अंतरिम व्यवस्था करते हुए ओपीडी शुरू करा दी है जिससे लोगों को लाभ मिल सके। इसके लिए एक डाक्टर समेत तीन कर्मियों को अस्पताल से संबद्ध किया गया है। इनमें एक फार्मासिस्ट और वार्ड ब्बॉय शामिल है। अस्पताल शुरु कराए जाने और स्टाफ की नियुक्ति शासन स्तर पर की जानी है।