ऊसराहार। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की जिम्मेदारी अब सरकारी शिक्षिकाओं की जिम्मेदारी में रहेगी। इसके लिए जूनियर विद्यालयों की शिक्षिकाओं से आवेदन मांगे जाएंगे। जिले में दो कस्तूरबा बालिका विद्यालय संचालित हो रहे हैं।
इस संबंध में सचिव बेसिक शिक्षा सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने निर्देश जारी किए हैं। ऊसराहार और जिला मुख्यालय पर कस्तूरबा बालिका विद्यालय संचालित हैं। अभी इन विद्यालयों में संविदा पर होस्टल वार्डन और शिक्षकों की नियुक्ति की जाती रही है। लेकिन, अब सरकारी शिक्षिकाओं की तैनाती के बाद व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है।
शिक्षिकाओं को प्रति नियुक्ति के आधार पर सुपरवाइजर और प्रधानाध्यापक पद पर नियुक्त किया जाएगा। जिस विकास खंड में यह विद्यालय संचालित हैं, उन्हीं ब्लाक की शिक्षिकाओं से आवेदन लिए जाएंगे। कस्तूरबा विद्यालय में कक्षा 6 से 8 तक की ऐसी बालिकाओं की पढ़ाई की जाती है जो किन्हीं कारणवश बीच में ही पढ़ाई छोड़ देती हैं। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा विनय कुमार ने बताया कि शासनादेश आने के बाद कार्यवाही आगे बढ़ेगी।