इटावा। नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के दस्तक के बीच कोरोना वैक्सीनेशन के मामले में इटावा जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। जिले में 18 साल से ऊपर के सभी नागरिकों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है।
इटावा जिला वैक्सीनेशन के मामले में प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। इससे पहले शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन लगाने की उपलब्धि गौतमबुद्धनगर और शाहजहांपुर हासिल कर चुके हैं।
जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने कहा कि हमने शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य समय से पूरा कर लिया है, अब सभी को दूसरी डोज लगाने पर फोकस किया जाएगा।
कोरोना वैक्सीन लगाने का अभियान पूरा होने से पहले ही जनपद ने पहली डोज के वैक्सीनेशन में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। देशव्यापी अभियान एक साल पहले 16 जनवरी से शुरू हुआ था।
प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का वैक्सीनेशन किया गया था। उसके बाद फ्रंट लाइन वर्कर और राजस्व कर्मियों का वैक्सीनेशन किए जाने के बाद आम जनता खासकर 45 साल से ऊपर के लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। एक जून से 18 से 45 साल तक के लोगों का वैक्सीनेशन किया गया।
जनपद के शत प्रतिशत वैक्सीनेशन लक्ष्य पूरा करने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भगवान दास ने बताया कि जिले में लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत प्रथम डोज लगाई जा चुकी है।
बताया कि जनपद में अब तक 11 लाख 79 हजार 595 लोगों को वैक्सीनेशन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। इनमें 11 हजार 531 हेल्थ वर्कर व 7 हजार 761 फ्रंट लाइन वर्कर शामिल हैं, जबकि 5 लाख 46 हजार 426 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।
वैक्सीनेशन अभियान में प्रमुख भूमिका निभाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बधाई दी। कहा कि इसके लिए सभी सहयोगी विभाग और वैक्सीनेशन टीमें बधाई की पात्र हैं।
साथ ही उन्होंने लोगों से दूसरी डोज भी अवश्य लगवाने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है। उन्होंने बताया शासन से भले अभी कोई निर्देश नहीं मिला हो लेकिन हम अभी से स्वास्थ्य कर्मियों के लिए बूस्टर डोज प्रदान करने के लिए मंथन कर रहे हैं।
आदेश आते ही इसका क्रियान्वयन जल्द से जल्द किया जाएगा। सीएमओ ने प्रवेश मिश्रा बीसीसीएम, राजेंद्र कुमार (एआरओ), आलोक मिश्रा (सीएआरआई), वीरेंद्र कुमार, प्रमोद शर्मा व कोविड टीकाकरण टीम को बधाई देते हुए इनके पूरे कोविड काल में किए गए बेहतर कार्य की सराहना की।
टीकाकरण की गति धीमी नहीं होने देंगे
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. श्रीनिवास ने बताया कि हम टीकाकरण की गति को धीमा नहीं पड़ने देंगे। सभी लोगों को दूसरी डोज समय से लगाने का भरसक प्रयास करेंगे।
टीकाकरण अभियान को गति प्रदान की जाएगी। जिन लोगों ने दूसरी डोज नहीं लगवाई है उनकी ड्यू लिस्ट से पहचान कर संपर्क किया जा रहा है। साथ ही समय से दूसरी डोज लगवाने की अपील भी कर रहे हैं।
बताया कि 15 से 18 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए संख्या मांगने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखा है।
कोरोना अभी पूरी तरह से नहीं गया
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. श्रीनिवास ने कहा कि अभी कोरोना पूरी तरह से गया नहीं है, इसलिए सतर्कता बरतें। घर से बाहर निकलते समय मास्क अवश्य लगाएं और कोविड प्रोटोकाल का पालन करें।
बताया कि सभी आठ ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) के साथ समन्वय स्थापित कर आगे भी टीकाकरण को और बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
जनपद के गांव व शहरी क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीकाकरण होगा, वहां के आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
मास्क न लगाने पर की जाएगी सख्ती
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की आहट के बीच इटावा जिला प्रशासन मास्क अनिवार्य रूप से पहनने के नियम का सख्ती से पालन करवाएगा। इसमें सार्वजनिक स्थानों, बाजार, मॉल, होटल आदि में लोग मास्क पहनकर ही पहुंचें, इस पर सख्ती बरती जाएगी।
दुकानदारों को भी निर्देश दिया जा रहा है कि वे ग्राहक को बिना मास्क कोई सामान न दें।
अस्पतालों में परखी जा रहीं व्यवस्थाएं
उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओमिक्रॉन की तैयारियों को मॉकड्रिल के माध्यम से परखा जा रहा है। सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता, उसकी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कवायद की जा रही है।
ऑक्सीजन प्लांट सुचारु हैं कि नहीं, इसको लेकर अस्पतालों में मॉकड्रिल करवाई जा चुकी है। इसके अलावा इन प्लांटों की स्थिति का जायजा गोरखपुर एम्स से आए डॉक्टर भी ले चुके हैं।
नए साल पर देर रात तक जश्न नहीं
प्रदेश में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक का नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। इसका पालन भी सख्ती से कराया जाएगा। डीएम श्रुति सिंह ने कहा कि नए साल का कोई भी जश्न कोरोना गाइड लाइन के तहत ही हो सकेगा।
11 बजे के बाद कोई जश्न नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जश्न के दौरान भी कोराना गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
पुलिस ने रात में बढ़ाई सख्ती
नाइट कर्फ्यू लागू होने के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पहले दिन पुलिस ने रात 11 बजे निकले लोगों को हिदायत दी। पहले-दूसरे दिन हिदायत के बाद अब पुलिस सख्ती बरतने जा रही है। रात में बेवजह घूम रहे लोगों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।