बकेवर। लखना-चकरनगर बाईपास पर खेड़ा मोहाल ईदगाह के पास चलते ऑटो में शार्ट सर्किट से आग लग गई। ऑटो चालक ने कूदकर जान बचाई। इससे वहां से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आग को बुझा पाते इससे पहले ही ऑटो पूरी तरह से जल गया।
लखना कस्बे के खेड़ा मोहल्ला बाईपास निवासी राहुल शनिवार सुबह ऑटो लेकर बकेवर से आ रहा था। लखना-चकरनगर रोड पर पर खेड़ा मोहल्ला के पास वह घर के नजदीक पहुंचा तो अचानक ऑटो के इंजन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। राहुल ने ऑटो से कूदकर जान बचाई। आग की चपेट में आने से वह पूरी तरह से बच गया। बाद में स्थानीय लोगों ने घरों का सबमर्सिबल चलाकर पानी डाला, तब कहीं आधे घंटे बाद आग बुझ सकी। लखना-चकरनगर मार्ग पर आधा घंटे तक जाम लगा रहा। जब ऑटो को सड़क से किनारे किया गया तब यातायात सामान्य हो सका।