इटावा। थाना जसवंतनगर क्षेत्र के नगला नरिया गांव में 18 दिसंबर को एक किसान ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली थी। उस समय बताया गया कि किसान पर कर्ज का बोझ था, इसलिए उसने ऐसा कदम उठाया।
अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। आत्महत्या करने वाले किसान की मां ने गांव के ही दो लोगों पर खेती बेचने का दबाव बनाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
इस मामले में एसएसपी को एक आवेदन दिया गया है। एसएसपी ने एसपी सिटी कपिल देव को मामले की जांच सौंपी है। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नरिया नगला गांव निवसी रजनीश ने आत्महत्या कर ली थी।
उसी दिन उसकी पत्नी कंचन की भी मौत हो गई थी। अब इस मामले में रजनीश की मां मुन्नी देवी दुबे ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उसके पुत्र व पुत्र बहू की आत्महत्या के लिए यही लोग जिम्मेदार हैं।
इन लोगों ने मिलकर साजिशन उनके बेटे से साथ बीघा खेत बैनामा करा लिया। उसका पूरा पैसा नहीं दिया, बल्कि उधारी बताते हुए और रुपये मांग रहे थे। आरोपी बची हुई जमीन का बैनामा करने का भी दबाव बना रहे थे।
आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन पुत्र व पुत्र बहू के साथ बदसलूकी, छेड़छाड़ व मारपीट करते थे। इसी वजह से उसके बेटे और बहू ने आत्महत्या कर ली। रजनीश की मां ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने दो दिन पहले आलू की फसल में पानी भरकर नष्ट कर दिया था।
पीड़िता ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। उसने बताया कि उसके आवेदन पर जसवंतनगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया था, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते उसे शाम को छोड़ दिया गया।