चौबिया थाना क्षेत्र के गांव कर्री व बीना के बीच बुधवार की रात कार सवार लुटेरों ने इटावा मंडी में आलू बेचकर लौट रहे ट्रैक्टर चालक व किसान को लूट लिया। दोनों को हाथ पैर बांधकर कार में डालकर ले गए। लुटेरों के अन्य साथी ट्रैक्टर ले गए। लुटेरों ने उनके पास से नगदी व मोबाइल लूट लिया। इसके बाद औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र के गांव मटैरा के पास दोनाें को फेंककर फरार हो गए।
ट्रैक्टर चालक ने चौबिया थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है। गांव बीना निवासी अनिल कुमार पुत्र सुरेशचंद्र बुधवार को अपने ट्रैक्टर पर गांव के ही किसान इसहाक खान पुत्र निमाजी खान का आलू लादकर इटावा मंडी आया था। मंडी में आलू बेचने के बाद दोनों ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। रात करीब 9:30 बजे ट्रैक्टर बीना और कर्री गांव के बीच पहुंचते ही कार सवार पांच लुटेरों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया।
लुटेरों ने अनिल व इसहाक क ो हाथ पैर बांधकर कार में डाल लिया, जबकि लुटेरों के कुछ साथी ट्रैक्टर ले गए। कार में लुटेरों ने अनिल के पास से तीन हजार रुपये नगद, मोबाइल तथा इसहाक के पास से पांच हजार रुपये नगद लूट लिए। कई घंटे इधर-उधर घूमने के बाद औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र के गांव मटैरा के पास दोनों को फेंककर फरार हो गए। रात भर दोनों वहीं पड़े रहे, सुबह किसी तरह अपने को बंधन मुक्त कर गांव मटैरा पहुंचे और ग्रामीणों को आपबीती सुनाई।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन दोनों को गांव ले आए। बाद में अनिल ने चौबिया थाने में घटना की तहरीर दी। पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है। एसओ रामचंद्र दीक्षित का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।