जिला बार एसोसिएशन के निर्वाचित पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर अशोक बाबू दुबे तथा महामंत्री पद पर बृजेश दुबे ने अपने निकटतंम प्रतिद्वंदी को हराकर बाजी मार ली। अशोक बाबू दुबे ने 31 मतों से तथा महामंत्री के लिए बृजेश दुबे ने 196 मतों से जीत हासिल की। उनकी जीत पर अधिवक्ताओं ने फूल माला पहना कर उनका स्वागत किया। डीबीए के चुनाव के लिए सुबह से गहमागहमी शुरू हो गई थी। नौ बजे से मतदान शुरू हुआ।
बार में कुल 819 मतदाता है। शाम चार बजे तक चले मतदान में कुल 755 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम पांच बजे मतगणना का काम शुरू किया गया। अध्यक्ष पद के लिए कुल पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। अशोक बाबू दुबे ने कड़े संघर्ष में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी संतोष सिंह चौहान को 31 मतों से पराजित किया। अशोक बाबू दुबे को 274 मत मिले, जबकि संतोष चौहान को 243 शांति स्वरूप पाठक को 206 राधेश्याम द्विवेदी को 15 व आदित्य नारायण पांडेय को 9 मतों से संतोष करना पड़ा।
महामंत्री पद के लिए कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें बृजेश दुबे ने 196 मतों से जीत हासिल की। बृजेश को कुल 377 मत मिले जबकि अवनीश यादव व देवेंद्र कुमार पांडेय को बराबर-बराबर 181 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर अजय द्विवेदी व अम्बरीश पांडेय में सीधा मुकाबला था, जिसमें अम्बरीश पांडेय ने अजय द्विवेदी को 141 वोटों से हराया। अम्बरीश को कुल 443 व अजय को 302 वोट प्राप्त हुए।
बरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर भी दो प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें राजवीर चौहान ने सीधे मुकाबले में सुरेश त्रिपाठी को 209 मतों से पराजित किया। राजवीर को 469 तथा सुरेश त्रिपाठी को 260 मत प्राप्त हुए। प्रत्याशियों की जीत पर उनके समर्थकों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। डीबीए चुनाव को लेकर आज सुबह से ही कचहरी में गहमागहमी रही। अंतिम समय तक प्रत्याशी अपने अपने पक्ष में समर्थन जुटाते रहे।