इटावा के ऊसराहार में पिता की डांट से क्षुब्ध शराब पीकर घर आए पुत्र ने पेड़ की डाल से लटक कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों का रो रो कर हुआ बुरा हाल।
थाना ऊसराहार क्षेत्र के गांव मुर्चा निवासी गेंदालाल यादव का पुत्र चरन सिंह यादव (40) आए दिन शराब पीकर घर आता था। जिसको लेकर परिजन रोका करते थे। शनिवार की रात जब वह शराब पीकर घर पहुंचा तो परिजनों ने उसको डांटा फटकारा जिसके बाद वह घर से वापस ऊसराहार की तरफ चला गया।
देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की परंतु वह कहीं नहीं मिला। खोजबीन के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने जब उसके शव को आम के पेड़ से लटका हुआ पाया तो उनकी चीख निकल गई। घटना की सूचना थाना ऊसराहार पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक युवक दो भाई हैं। बड़ा भाई ट्रक चालक है। घटना के बाद से पत्नी, दो बेटियों और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।