सिविल लाइन थाने के परिसर में घायलावस्था में बैठा कुंवरपाल सिंह
- फोटो : ETAWAH
इटावा। सिविल लाइन थानाक्षेत्र के ग्वालियर बस स्टैंड चौराहा के पास गुरुवार सुबह स्कूटी सवार युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। विरोध पर बाइक सवार युवक न अपने साथियों को बुलाकर स्कूटी सवार को पीट दिया है। जब लोग मदद को दौड़े तो हमलावर फायरिंग करते भाग गए।
सिविल लाइन के रूरा गांव निवासी कुंवरपाल सिंह ने बताया कि वह गुरुवार सुबह कचहरी में अपने राशन कार्ड के काम से स्कूटी से आए थे। वहां से अपनी बीमार बहन को देखने लुहन्ना चौराहा स्थित एक हॉस्पिटल जा रहे थे।
तभी ग्वालियर बस स्टैंड के पास एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। विरोध पर उसने साथियों को बुलाकर बुरी तरह पीटा। उसके सिर पर तमंचे की बट मार दी। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग गए थे।
पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। भाई विपिन का आरोप है कि थाने में तहरीर देने पर पुलिसकर्मियों ने बोला कि मारपीट की दो, फायरिंग की नहीं।
थाना प्रभारी जीवाराम यादव ने बताया कि फायरिंग के संबंध में पीड़ित ने जानकारी नहीं दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।