जसवंतनगर। मंगलवार सुबह आगरा से लखनऊ जा रही 02180 इंटरसिटी एक्सप्रेस से बलरई रेलवे स्टेशन से पहले दो मवेशी टकरा गए। उनकी शरीर इंजन में फंसने के कारण इंजन बंद पड़ा। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक डाउन ट्रैक बाधित रहा। वहीं नई दिल्ली से वाराणसी जा रही 02436 वंदेभारत एक्सप्रेस भी खड़ी हो गई।
बलरई रेलवे स्टेशन से पहले गेट संख्या 40सी के पास खंभा नंबर 1184/12 के सामने आगरा से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन से दो मवेशी टकरा गए। इनके शरीर इंजन में फंसने के कारण इंजन बंद पड़ गया।
ट्रेन चालक ने मामले की जानकारी बलरई रेलवे स्टेशन व टूंडला कंट्रोल को दी। इसके बाद बलरई रेलवे स्टेशन से इंजीनियरिंग स्टाफ मौके पर पहुंचा। इन कर्मियों ने करीब सवा घंटे मशक्कत के बाद इंजन में फंसे मवेशियों के शरीर को बाहर निकाला।
इसके बाद ट्रेन बलरई स्टेशन पहुंची। स्टेशन मास्टर बलरई विजय कुमार ने बताया कि 8 बजकर 14 मिनट पर मवेशी ट्रेन से टकराए थे। इसके बाद ट्रेन 9.39 पर स्टेशन पर पहुंची।
इस दौरान रेल यातायात बाधित रहा। वहीं नई दिल्ली से वाराणसी जा रही 02436 वंदेभारत एक्सप्रेस भदान व बलरई स्टेशन के बीच में खड़ी रही। इसके अलावा 04188 टूंडला-कानपुर पैसेंजर व 05046 ओखा एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई।