ट्रेन के नीचे छतिग्रस्त मोटर साइकिल
- फोटो : ETAWAH
इटावा। शनिवार दोपहर नई दिल्ली-हावड़ा ट्रैक की अप लाइन पर अजीमाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को आते देख एक युवक बाइक छोड़ कर भाग निकला। इससे ट्रेन के इंजन में बाइक घुस कर दो हिस्सों में बंट गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शनिवार सुबह से हो रही बारिश के चलते मैनपुरी रेलवे क्रासिंग के अंडरपास में पानी भर गया था। इस कारण दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक बाइक सवार युवक अंडरपास के ऊपर से रेलवे लाइन क्रास करने लगा।
इस दौरान पटना से अहमदाबाद जा रही नॉन स्टॉप 02948 अजीमाबाद सुपर फास्ट स्पेशल ट्रेन अप लाइन पर आ गई। जिसे देख कर युवक बाइक को बीच ट्रैक पर छोड़ कर भाग निकला। जब तक चालक इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोकता ट्रैक पर पड़ी बाइक इंजन से टकरा गई और दो हिस्सों में बंट गई।
घटना की सूचना पर स्टेशन अधीक्षक पूरनमल मीना व आरपीएफ प्रभारी एसआई सत्यदेव यादव, कांस्टेबल बिजेंद्र कुमार व दिनेश कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आरपीएफ ने क्षतिग्रस्त बाइक के कुछ हिस्से एकत्र कर अपने साथ ले गए। स्थानीय लोगों की माने तो बाइक बिना नंबर की थी। फिलहाल उसके स्वामी का पता नहीं चल रहा है।
स्टेशन अधीक्षक के अनुसार घटना शनिवार दोपहर 12:45 बजे हुई। हादसे की वजह से ट्रेन करीब 30 मिनट तक रुकी रही। इस दौरान अप लाइन पर (दिल्ली की ओर) जाने वाली दो मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ। इंजन की जांच के बाद ट्रेन को दोपहर 1:15 पर रवाना कर दिया गया। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि मामले में बाइक स्वामी का पता करके मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद खड़ी अजीमाबाद सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन- फोटो : ETAWAH