इटावा। लंबे समय बाद गुरुवार को हुई नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में उस समय सन्नाटा छा गया, जब फ्रेंड्स कालोनी के भाजपा सभासद अतुल पचौरी ने खचाखच भरे सभागार में भाजपा सांसद पर अपने वार्ड के पार्क पर कब्जा कराने का आरोप लगाया।
सभासद ने एक नहीं दो बार बात रखी। हालांकि दूसरी बार फिर से अपनी बात रखने पर भाजपा के ही एक अन्य सभासद ने अपनी कुर्सी से उठकर उन्हें कुछ समझाने का प्रयास भी किया।
सभासद का आक्रोश इस बात को लेकर भी था कि करीब साल भर पूर्व हुई पालिका बोर्ड की बैठक में मौजूद रहीं सदर विधायक सरिता भदौरिया व सांसद डा.रामशंकर कठेरिया भी शामिल हुए थे।
उस दौरान सांसद ने सदन में कहा था कि बोर्ड की अगली बैठक होने से पहले पार्क से कब्जा हट जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बैठक में सांसद को होना चाहिए था, लेकिन उन्होंने खुद आने की बजाय अपने प्रतिनिधि श्रीभगवान पोरवाल को भेजा।
भाजपा सभासद अतुल पचौरी का आरोप है उनके फ्रेंड्स कालोनी वार्ड में करीब एक बीघा पार्क है। करीब डेढ़ दशक से उसके बगल में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपना प्लाट बेच कर पार्क के अंदर अस्थाई रूप से टिन शेड डालकर कब्जा कर रखा है।
पालिका के तत्कालीन अधिशाषी अधिकारी अनिल कुमार एक बार फोर्स लेकर कब्जा हटवाने पहुंचे भी थे। तो सांसद के दबाव में पुलिस फोर्स लौट गया था। इस वजह से पार्क से कब्जा नहीं हट सका था।
इसके बाद सांसद ने तत्कालीन अधिशाषी अधिकारी को पत्र भेजा, जिसमें पार्क की यथा स्थिति बरकरार रखने और कब्जा धारक की मदद करने का निर्देश दिया था। उसके पास मामला कोर्ट में पहुंचते ही स्टे हो गया।
इस पर सांसद प्रतिनिधि श्रीभगवान पोरवाल ने कहा कि यदि सांसद ने इस संबंध में ईओ को कोई पत्र लिखा है, तो वह पालिका के रिकार्ड में होगा। हालांकि इस समय अधिशाषी अधिकारी नए आए हैं। उनके समक्ष पालिका बोर्ड की यह पहली बैठक थी।
पालिका बोर्ड की बैठक में किस सभासद ने क्या आरोप लगाया है, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वह सरकारी व निजी जमीन पर न तो कब्जा कराते हैं और न ही कब्जा करने वालों की मदद करते हैं। अगर किसी ने कहीं पर कब्जा कर रखा है, तो उसे हटवाने का काम करते हैं। संभव है कि जिसने आरोप लगाया है, उसका कब्जा उन्होंने हटवाया हो। मामले की जानकारी वह खुद करेंगे। - डा.रामशंकर कठेरिया, सांसद भाजपा इटावा
इटावा। नगर पालिका सभागार में गुरुवार को अध्यक्ष नौशाबा खानम की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में 14 प्रस्ताव पेश किए गए। सभासदों ने सभी पर अपनी सहमति व्यक्त की।
इस दौरान नलकूप संचालन, हैंडपंप व सबमर्सिबल पंप, स्ट्रीट लाइट, सड़कों की मरम्मत कार्य करने वाले आउटसोर्सिंग श्रमिकों का पारिश्रमिक 194 रुपये से बढ़ाकर 349 रुपये प्रति श्रमिक किया गया। पालिका के सीमा के तहत प्रत्येक वार्ड में डेढ़ लाख रुपये तक के मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में काली बांह मंदिर परिसर में खराब फुव्वारा को ठीक कराने के लिए पांच लाख रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। लाइटें सही कराने, पालिका के 38 वाहनों बीमा पर 6 लाख 6 हजार 422 रुपये का व्यय होने की जानकारी दी गई।
पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने बताया पोस्टमार्टम गृह का विस्तार कर टिन शेड की जगह लेंटर डाला जाएगा। मुख्य चौराहों पर लाइटें लगाने, लोहे की 250 लोहे की कूड़ा गाड़ी की जानकारी दी।
सभासदों ने वार्ड की कई अहम समस्याएं भी उठाईं। पेयजल, गंदगी,जलभराव और छिड़काव जैसी समस्याएं बताईं। पुरबिया टोला नालापार के सभासद राम सिंह रामू ने पक्का तालाब क्षेत्र की खराब लाइटों को ठीक कराने समेत अन्य समस्याएं उठाईं।
सभासद शरद वाजपेयी ने विद्युत शवदाह गृह जल्द बनवाने व श्मशान घाट पर टूटे प्लेटफार्म को फायर ब्रिक्स से बनवाने व टूट फूट सही करवाने का प्रस्ताव रखा।
साथ ही भरथना चौराहा पर पूर्व विधायक स्व.अशोक दुबे की प्रतिमा समेत महापुरुषों की प्रतिमाएं लगवाने की मांग की। उन्होंने शहर में अच्छे पार्क नगर पालिका के मॉल व मार्केट बनाए जाने का प्रस्ताव रखा।
बैठक में अधिशाषी अधिकारी विनय मणि त्रिपाठी, अध्यक्ष प्रतिनिधि फुरकान अहमद, सांसद प्रतिनिधि श्रीभगवान पोरवाल, विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र जैन हैप्पी आदि उपस्थित रहे।
सभासदों से ज्यादा हावी रहे प्रतिनिधि
पालिका बोर्ड की बैठक में ज्यादातर महिला सभासदों की जगह उनके प्रतिनिधि हावी रहे और समस्याएं भी उठाई। एक प्रतिनिधि तो मंच तक अपनी आपत्ति दर्ज कराने पहुंच गए।
हर बार की तरह इस बार भी बोर्ड बैठक में सभासदों और वार्ड के नामों की पट्टिका न होने से पता नहीं लग पाता कि यह सभासद हैं या प्रतिनिधि। उम्मीद है अगली बोर्ड बैठक में यह कमियां शायद दूर कर ली जाएं।
हर माह एक से दस तारीख तक होगी बैठक
सभासदों के बोर्ड बैठक का कोई समय न होने के सवाल पर अध्यक्ष प्रतिनिधि ने बताया बैठक हर माह और एक से दस तारीख तक होगी।
सभासद अतुल पचौरी- फोटो : ETAWAH