इटावा। शहर को मिल रही बिजली में 46 प्रतिशत चोरी हो रही है। इसमें 7-8 प्रतिशत तकनीकी खामियों के चलते लाइनलॉस भी शामिल है। यह आंकड़ा इस बात से निकाला गया है कि शहर के 54 फीसदी उपभोक्ता बिजली का बिल जमा कर रहे हैं। बिजली चोरी के मामले में प्रदेश की तरफ से जारी सूची में इटावा शहर का नाम भी शामिल है।
अधिशाषी अभियंता श्रीप्रकाश ने बताया शहर में 57533 विद्युत उपभोक्ता हैं। इसमें गैर सरकारी उपभोक्ताओं पर 47.31 करोड़ का बकाया है। इनमें 3608 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद से अब तक बिल जमा ही नहीं किया है। शहर में दस हजार से अधिक विद्युत बकायेदारों की संख्या 9948 है। एक लाख से अधिक के बकायेदारों की संख्या 2663 है।
उन्होंने बताया कि सितंबर में शहर में 5178 किलोवाट की चोरी पकड़ने का लक्ष्य था। इस दौरान 208 रिपोर्ट विद्युत थाना में दर्ज कराई गई। इसके साथ ही कटे कनेक्शन दोबारा जुड़े मिलने पर 93 उपभोक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
अभियान के दौरान मीटर के साथ छेड़छाड़ करने पर 21 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की गई। शहर में विद्युत क्रय 6.36 रुपये की अपेक्षा 2.88 रुपये प्राप्त हो रही है। जो 45 प्रतिशत है।
अधिशाषी अभियंता ने बताया कि व्यापक स्तर पर हो रही विद्युत चोरी को रोकने व राजस्व वृद्धि के लिए उच्चतम स्तर पर निर्णय लिया गया है कि इटावा शहर में अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ अन्य जनपदों के अधिकारी/कर्मचारी तैनात कर बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जाए। विद्युत चोरी की सूचना पर 24 घंटे हेल्प लाइन नंबर 1912 पर दी जा सकती है। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा।