इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के शांति विहार कालोनी पक्का बाग में रविवार रात चोरों ने एक बंद मकान के मेन गेट का ताला तोड़ कर लाखों का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
देशरमऊ रोड स्थित शांति विहार कालोनी पक्का बाग में उर्मिला देवी का मकान है। वह दो दिन पहले मानिकपुर मोड़ स्थित अपने भाई अरविंद के घर दादी की मौत होने पर गई थीं।
सोमवार सुबह मोहल्ले वालों ने उर्मिला को घर में चोरी होने की सूचना दी। वह घर पहुंची तो मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था, कमरों में सामान बिखरा व अलमारी व बक्सों के भी ताले टूटे हुए थे।
पीड़ित ने बताया कि चोर घर से चार चूड़ी, दो मंगलसूत्र, हार, चार कंगन, दो जोड़ी पायल, चार अंगूठी व दस हजार रुपये नगद, बर्तन समेत करीब सात लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने वहां से कुछ दूरी पर रहने वाले टैक्सी चालक दिनेश कुमार के घर में चोरी का प्रयास किया।
लेकिन दरवाजे का मेन लॉक नहीं खुलने की वजह से वह घर में नहीं घुस सके। सूचना पर पहुंची फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने उर्मिला समेत आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी गगन कुमार गौड़ ने बताया कि मामले जांच कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।