सेवानिवृत अधिकारी के घर आयकर अधिकारियों ने की पड़ताल
- फोटो : ETAWHA
इटावा। किसी लेनदेन के सिलसिले में शुक्रवार को दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम ने एक सेवानिवृत्त अधिकारी के घर पर छानबीन की। टीम ने बेहद गोपनीय ढंग से काम किया और शाम को दिल्ली लौट गई।
शहर के विशुनबाग मोहल्ला निवासी दूरसंचार विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी के घर शुक्रवार को गाड़ियों से कुछ आयकर अधिकारी आए और अंदर दाखिल हो गए। कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में उन्होंने गृहस्वामी से दस्तावेजों की मांग कर जांच पड़ताल की। चर्चा रही कि सेवानिवृत्त अधिकारी के दामाद दिल्ली में रहते हैं। दामाद के ही किसी लेनदेन से जुड़ा मामला है। आयकर अधिकारी जरूरी दस्तावेज लेकर चले गए।
शहर कोतवाल रमेश कुमार ने बताया कि उनके अस्तल चौकी प्रभारी को इस टीम ने आने की सूचना दी थी। इससे अधिक उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इस संबंध में अस्तल चौकी प्रभारी मिलन सिंह सिरोही ने बताया कि दिल्ली के आयकर विभाग के अधिकारियों ने विशुनबाग स्थित एक घर में सर्वे करने की सूचना दी थी। टीम ने कई घंटे जांच पड़ताल की और शाम को लौट गई। बेहद गोपनीय तरीके से जांच की गई। जिससे मोहल्ले के लोगों में चर्चा रही।
फोटो संख्या 50 सेवानिवृत्त अधिकारी के घर आयकर के छापा के दौरान बाहर तैनात पुलिस।