बकेवर। पुलिस व आबकारी टीम ने ठेकों से चोरी करके बाजार में शराब बेचने वाले गिरोह के चार सदस्यों को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक वैन में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस व आबकारी टीम इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
आबकारी इंस्पेक्टर शिवानी सिंह चौहान के नेतृत्व में आबकारी व बकेवर पुलिस की टीम बिजौली गांव के पास पहुंची। टीम ने यहां से एक मारुति वैन से देशी शराब के क्वार्टरों की कुछ पेटियों को बरामद कर चार लोगों को हिरासत में लिया।
सूत्रों के मुताबिक आबकारी टीम व पुलिस की गिरफ्त आए गिरोह के चारों लोग रात के समय ग्रामीण क्षेत्र के सुनसान इलाकों में स्थित शराब ठेकों के ताले तोड़कर शराब चोरी करते हैं। इसके बाद यह शराब गांव वालों को बेच देते हैं।
गिरोह के लोगों ने पुलिस को अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। आबकारी इंस्पेक्टर ने बताया कि ठेके से शराब चोरी कर बेचने वाले कुछ लोगों को हिरासत लिया गया है।
गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश में संभावित जगहों पर दबिश दी जा रही है। पूरे गिरोह का खुलासा होने के बाद आरोपियों के नाम बताए जाएंगे। कार्यवाहक थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।