इटावा। पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों का आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया है। जिले में 13,470 किसान ऐसे हैं जिनका आधार या तो इनवेलिड है अथवा आधार कार्ड में अंकित नाम के अनुरूप डाटाबेस में नाम सही फीड नहीं हुआ है। इन किसानों की सम्मान निधि रोक दी गई है। इन मामलों को निस्तारित कराने और पात्रों को योजना का लाभ पहुंचाने के लिए अब ब्लॉक स्तर पर विशेष कैंप लगेंगे।
एक फरवरी से तीन फरवरी तक हर ब्लॉक में अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इन कैंपों में सम्मान निधि से जुड़ी सभी गड़बड़ियों को ठीक किया जाएगा। साथ ही नए आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
जिले में पीएम किसान सम्मान का लाभ दो लाख 30 हजार किसानों को मिल रहा है। इन किसानों को दो-दो हजार किस्तों के रूप में साल में तीन बार में 6000 रुपये का भुगतान सीधे खातों में किया जाता है। इस योजना में आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य है। आधार में नाम या नंबर मिसमैच के 3,752 और आधार में नंबर गलत बताने के 9,718 मामले सामने आए हैं। कुल मिलाकर 13,470 किसानों को निधि का भुगतान रोक दिया गया है।
अब समाधान दिवस में होगा निस्तारण
मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर ने बताया कि इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए विकास खंड स्तर पर एक से तीन फरवरी तक पीएम किसान समाधान दिवस आयोजित किए जाएंगे। विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार पर इसका संचालन कृषि विभाग के बीज गोदाम प्रभारी और सहायक विकास अधिकारी(कृषि)/विषय वस्तु विशेषज्ञ की देखरेख में किया जाएगा। उनके सहयोग एवं पर्यवेक्षण के लिए पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को नामित किया गया है। उप कृषि निदेशक संशोधन की कार्यवाही की प्रगति की प्रतिदिन निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जनपद के सभी लंबित प्रकरणों का समाधान निर्धारित तीन दिवस के अंदर कर लिया जाए।