लवेदी/बकेवर। लखना के आदर्श नगर निवासी छह वर्षीय शौर्य की हत्या अपहरण के एक या दो दिन बाद ही कर दी गई थी। इसके अलावा बच्चे के किडनी और लीवर जैसे अंग गायब हैं, जिससे अपहरण के उद्देश्य को लेकर भी आशंकाएं गहरा रहीं हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी अभी कुछ भी स्पष्ट करने से बच रहे हैं। प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। इस प्राथमिक रिपोर्ट में मौत का कोई कारण खुलकर सामने नहीं आ रहा है।
बकेवर थाना क्षेत्र के लखना में आदर्श नगर निवासी अवनीश द्विवेदी के छह वर्षीय बेटे शौर्य का 10 दिसंबर को अपहरण कर लिया गया था। वह शाम को सवा पांच बजे घर से खेलने के लिए निकला था, उसके बाद से वह घर नहीं लौटा था। पुलिस ने काफी पड़ताल की लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा था। 20 दिसंबर को शौर्य का शव लवेदी थाना क्षेत्र हमीरपुरा मंदिर के जंगल में यमुना किनारे मिला था। पुलिस ने 21 दिसंबर मंगलवार शव का पोस्टमार्टम कराया था। शव काफी क्षत-विक्षत स्थिति में था। परिजनों की मांग पर बच्चे का डीएनए परीक्षण कराने के लिए भी सैंपल लिया गया है। बच्चे के साथ कोई लैंगिक अपराध तो नहीं हुआ है, इसके लिए डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया था। अब पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। इसमें मौत को कोई कारण सामने नहीं आया है। हालांकि बच्चे की किडनी और लीवर गायब है। पुलिस का मानना है कि बच्चे के शव को जानवरों ने काफी नुकसान पहुंचाया है, इस वजह से भी अंग गायब हो सकते हैं।
शौर्य के शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह सात से 10 दिन पुराना शव हो सकता है। यानि शौर्य की हत्या अपहरण वाले दिन ही अथवा पुलिस का दबाव बनने से एक-दो दिन बाद कर दी गई होगी। उसके बाद उसका शव डभोली पुल के पास यमुना में फेंका गया होगा। जिससे यह शव वहां से बहकर यहां आया है। पुलिस का मानना है कि यह शव पानी में कई दिन रहा होगा, यमुना के उतार के बाद यह यहां पड़ा मिला है। शव को जलीय जीवों और जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया है। इस मामले में परिजनों और परिचितों का मानना है कि पुलिस को फोरेंसिक जांच कराकर मामले को स्पष्ट करना चाहिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट न होने पर उसका विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
बढ़ाई गईं हत्या की धाराएं
बकेवर। थाना बकेवर पुलिस ने शौर्य का शव मिलने के बाद दर्ज रिपोर्ट में अपहरण और हत्या की धाराएं और बढ़ा दी हैं। पहले पुलिस ने बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की थी। अब पुलिस ने मामले में हत्या और अपहरण करने की धाराएं बढ़ा दी हैं। अभी इस मामले में पुलिस ने किसी को नामजद नहीं किया है और न ही किसी की गिरफ्तारी की गई है। हालांकि पुलिस ने परिजनों के शक जताने के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। बकेवर थाना प्रभारी ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
डीएम भी रात में पहुंचीं बकेवर
मंगलवार को परिजनों के द्वारा शव रखकर मुख्यमंत्री को बुलाए जाने को लेकर जाम लगाया गया था। जो रात करीब आठ अधिकारियों के परिजनों से कई दौर की वार्ता कर समझाने के बाद खुला खुला था। परिजनों की मांग पर एसएसपी भी रात मौके पर पहुंच गए थे। परंतु एसएसपी के समझाने के बाद भी परिजनों ने जाम नहीं खोला था। डीएम को बुलाने की मांग परिजन करने लगे थे। एडीएम मौके पर पहुंच गए थे। डीएम श्रुति सिंह भी बकेवर थाना पर पहुंच गई थीं। तब तक जाम खुल गया था। डीएम करीब एक घंटे तक बकेवर थाना पर एसएसपी, एडीएम, एएसपी ग्रामीण, एसडीएम भरथना सीओ भरथना के साथ मौजूद पूरे मामले की जानकारी लेती रही। बालक के शव का अंतिम संस्कार होने के बाद ही सभी अधिकारी बकेवर थाने से रवाना हुए।
लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी
बकेवर। बुधवार को सपा के नेता राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी सांत्वना देने शौर्य के घर पहुंचे। मंगलवार को सपा के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, अन्य सपा नेताओं के साथ पहुंचे थे। सपा की प्रदेश नेत्री अनीता दिवाकर तो बालक के अंतिम संस्कार तक साथ रहीं। तो बसपा नेत्री कमलेश अंबेडकर भी लखना पहुंचीं थीं। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत भी रात में ही पीड़ित के घर पहुंचे थे। बाद में बच्चे का अंतिम संस्कार कराने के लिए यमुना घाट तक गए थे।