खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन फुरकान अहमद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को शुरू हुए 13वें स्वर्गीय रणवीर सिंह यादव मेमोरियल ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में लखनऊ की टीम ने मैनपुरी को 43 रनों से हराकर मैच जीता। बुधवार को टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला लखनऊ व शौर्य क्लब इटावा के खिलाड़ियों के बीच होगा।
समाजवादी स्पोर्ट्स विंग के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के पहले मैच में लखनऊ टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने फैसला लिया। उनकी पूरी टीम 226 रन बना सकी। इसमें गोविंद यादव के 85 और आशुतोष मौर्य के 65 रनों का योगदान रहा। मैनपुरी की टीम की तरफ से शारिम ने चार विकेट झटके।
जवाब में उतरी मैनपुरी की टीम 23 ओवर में 183 रनों में ही सिमट गई। इसमें आदर्श का 46 रनों का योगदान रहा। लखनऊ टीम के तेज गेंदबाज मिलन यादव ने मैनपुरी के पांच खिलाड़ियों को आउट कर वापस भेज दिया। टूर्नामेंट का उद्घाटन नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष फुरकान अहमद ने किया। इस दौरान आनंद यादव टंटी, सर्वेंश चौहान, आदित्य गोविंद, आलोक दीक्षित का स्वागत टूर्नामेंट के अध्यक्ष इरशाद मेव, संयोजक जावेद अख्तर, शफीक खान, अमित यादव, गुलजार गामा ने माल्यार्पण व बैच लगाकर किया।
टूर्नामेंट के अध्यक्ष व संयोजक ने फुरकान अहमद को 21 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। मैच की अंपायरिंग राजकपूर राणा व सलीम हुसैन ने की। स्कोरिंग सनी ठाकुर व साहिल ठाकुर ने की। इस मौके पर शालू खान, सोनू दिवाकर, बल्लू चौधरी, डेनी यादव, कामित कुरेशी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।