इटावा। रविवार को एसएसपी ने सदर विधानसभा क्षेत्र में कई महीनों से जमे 34 सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। यह सभी सिपाही बढ़पुरा थाने में तैनात थे। वहीं, विभिन्न थानों में तैनात 34 सिपाहियों को बढ़पुरा थाने में स्थांतरित किया।
एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि बढ़पुरा थाना सदर विधानसभा क्षेत्र में आता है। थाने पर तैनात 34 सिपाहियों की तैनाती कई महीनों से थी। यह सिपाही अक्सर सदर विधानसभा के क्षेत्र में ही तैनात रहे हैं। इसकी जानकारी होने पर विधानसभा चुनाव से पहले थाने पर तैनात इन 34 सिपाहियों को रविवार तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है। इनकी जगह पर विभिन्न थानों में तैनात व पुलिस लाइन में मौजूद छह सिपाही समेत 34 सिपाहियों की तैनाती की गई है। लाइन हाजिर किए इन 34 सिपाहियों की तैनाती जल्द ही जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में की जाएगी।
एसएसपी हाल ही में 15 सितबंर को दो सीओ, सात इंस्पेक्टर व करीब 37 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया था। विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस फेरबदल के बाद से पुलिस महकमे में सुगबुगाहट तेज हो गई है, कहा जा रहा कि अभी कई दरोगाओं व सिपाहियों का नंबर आना बाकी है। जिनकी सूची तैयार की जा रही है।