फोटो संख्या 10- मृतक राजू की फाइल फोटो
- फोटो : ETAWAH
इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के किल्ली सुल्तानपुर गांव में शनिवार को खेत के बंटवारे को लेकर चाचा-भतीजे में मारपीट हो गई थी। रविवार को पुलिस ने दोनों पर शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। देर शाम जमानत पर छूटे चाचा ने घर में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों से पूछताछ की।
किल्ली सुल्तानपुर गांव निवासी प्रेमचंद ने मीना देवी से शादी की थी। दंपती का बेटा संजीव है, लेकिन कुछ साल पहले प्रेमचंद की मौत हो गई। इसके बाद मीना ने देवर राजू से विवाह कर लिया था। परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम को संजीव व राजू के बीच एक बीघा खेत के बंटवारे को लेकर झगड़ा हो गया था।
मारपीट में दोनों लोग घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का बसरेहर सीएचसी में इलाज कराया। इसके बाद रविवार को चाचा राजू व भतीजे संजीव पर पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की। शाम को जमानत पर राजू व संजीव छूटे। राजू घर आया और रात को कमरे में अंगौछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी मीना कमरे में गई तो पति राजू का शव फंदे पर लटका था।
यह देख पत्नी ने जानकारी परिजनों व पड़ोसियों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव को नीचे उतारा और पत्नी व आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भतीजे की पिटाई से गांव में अपमानित होने पर चाचा के फांसी लगाने की चर्चा रही।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया कि चाचा-भतीजे के बीच झगड़ा हुआ था। इसके चलते दोनों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
फोटो संख्या 11- घर में रोते-बिखलते परिजन- फोटो : ETAWAH