बाल्टी में पानी ले जाते शिव दयाल
- फोटो : ETAWAH
इटावा। रविवार रात फाल्ट होने से एकता कॉलोनी की बिजली गुल हो गई। लोगों ने फोन लगाया लेकिन लाइनमैन और अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की। दिन ठीक करने के पांच मिनट बाद फिर फाल्ट हो गया। बिजली न होने से लोग पानी के लिए भी परेशान रहे। दूर लगे हैैंडपंपों से ढोकर पानी लाए।
हाईवे किनारे बसी एकता कालोनी की बिजली रविवार रात करीब आठ बजे फाल्ट होने से गुल हो गई थी। 23 घंटे बाद सोमवार को भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई। बिजली न होने से एकता कालोनी और आसपास के लोगों की नींद हराम हो गई। बिजली न होने से पानी की समस्या भी खड़ी हो गई।
मोहल्ले लोगों ने आरोप लगाया कि रात मतें अधिकारियों और लाइनमैन को फोन लगाया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कुछ लोगों ने समस्या को लेकर ट्वीट भी किया लेकिन कोई हल नहीं निकला। दिन में कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक किया। सोमवार शाम को साढ़े चार बजे पांच मिनट के लिए बिजली आई। इसके बाद फिर फाल्ट हो गया।
प्रीती तिवारी और आशीष भदौरिया ने कहा कि पूरी रात सो नहीं पाए। सुबह पानी के लिए भटकना पड़ा। अमित कुमार ने बताया रात में अधिकारियों और हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। आरोप लगाया कि बिजली की लाइनें काफी पुरानी हैं। कर्मचारी नई लाइन डालने के बदले में सुविधा शुल्क मांगते हैं। अनीता देवी का कहना है कि बिजली न होने से पानी की समस्या रही।
अधिशाषी अधिकारी श्रीप्रकाश का कहना है तापमान बढ़ने और अत्यधिक लोड बढ़े होने से फाल्ट हो रहे हैं। विभाग पूरी तरह से उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत व्यवस्था देने के लिए प्रयासरत हैं।