जसवंतनगर। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर बेटी को मायके से छोड़कर लौट रही वृद्धा को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्धा की आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में उपचार के दौरान मौत हो गई।
क्षेत्र के ग्राम भावलपुर निवासी श्रीदेवी (60) के दामाद सोनू ने बताया कि भाई दूज के अवसर पर उनकी पत्नी सुनीता देवी मायके आई हुई थीं। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सास श्रीदेवी अपनी बेटी को छोड़ने के लिए गांव के बाहर नेशनल हाईवे तक आई थीं। बेटी को विदा करने के बाद वह पैदल सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वह उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें आनन-फानन उपचार के लिए आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई ले गए। वहां डॉक्टर ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
श्रीदेवी के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। मां की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)