फोटो 07:::: मिथलेश कुमारी। फाइल फोटो
ताखा। चौपला मार्ग पर नगला झड़े के पास पुलिया पर तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में महिला बाइक में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके पति और बाइक सवार दो युवक भी घायल हो गए। महिला भाई दूज पर मौसेरे भाई को तिलक करने पति के साथ जा रही थी। मृतका की बड़ी बेटी की शादी 10 मार्च को तय थी।
भरथना थाना क्षेत्र के सरावां गांव निवासी मिथिलेश कुमारी (46) अपने पति गिरेंद्र सिंह कश्यप के साथ बुधवार को साइकिल से भाई दूज पर मौसी के बेटे को तिलक करने ऊसराहार के मामन गांव जा रही थीं। रास्ते में नगला झड़े की पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मिथिलेश बाइक में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गईं। उनके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पति गिरेंद्र सिंह भी घायल हो गए।
बाइक सवार कृतित (22) निवासी शेखपुर पचार थाना चौबिया और ऋषभ (18) निवासी लाख बहोशी थाना इंदरगढ़ कन्नौज भी चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस सभी घायलों को सीएचसी सरसईनावर लेकर पहुंची। वहां डॉक्टर ने मिथिलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया गया।
बेटे अजय ने आरोप लगाया कि सीएचसी में डॉक्टर ने उनकी घायल मां और पिता को ठीक से देखा तक नहीं। मिथिलेश अपने पति और बच्चों के साथ मायके सरावां में रह रही थीं। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियां अविवाहित हैं। पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बड़ी बेटी रॉनकी की शादी 10 मार्च को तय हो चुकी थी।
घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। हादसे में घायल महिला की मौत हो गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।