बसरेहर/सैफई (इटावा)। बसगवां मार्ग पर रविवार को बाइक पेड़ से टकराने से औरैया निवासी बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मी बुजुर्ग को छोड़कर बाइक चालक भाग गया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस भी बुजुर्ग को नहीं ले गई। दोबारा पहुंची एंबुलेंस ने बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चौबिया थाना क्षेत्र में लोहिया पुल से बसगवां मार्ग पर दोपहर में करीब साढ़े 12 बजे बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक बाइक लेकर सैफई की तरफ चला गया। जख्मी बुजुर्ग वहीं पड़ा रहा। लोगों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बुजुर्ग की पहचान न होने से ईएमटी घायल को नहीं ले गया। करीब दो घंटे बाद फिर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को बसरेहर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉ विकास सचान ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अकबर सिंह (60) निवासी सुभानपुर थाना अछल्दा औरैया के रूप में हुई। बाइक चालक का नाम राजेश कुमार निवासी ग्राम नगला सुखी, जिला मैनपुरी निवासी बताया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बुजुर्ग को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने एंबुलेंस के स्टाफ की शिकायत चौबिया पुलिस से की है।
थाना अध्यक्ष चौबिया अंकुश कुमार राघव ने कहा कि एंबुलेंस कर्मियों की शिकायत अधिकारियों से की जाएगी। एंबुलेंस प्रभारी अमित कुलश्रेष्ठ ने कहा कि एंबुलेंस मौके पर गई थी। मौके पर मौजूद लोग पहले पुलिस बुलाने पर अड़े थे, इस वजह से एंबुलेंस लौट आ गई थी। सूचना पर एंबुलेंस को दोबारा भेजा गया।