फोटो संख्या 09- नारायन कालेज में अटल टिकरिंग लैब का उद्धाटन करते सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ
- फोटो : ETAWAH
इटावा। नारायन कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स में मंगलवार को सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ ने अटल टिंकरिंग लैब का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यहां बच्चे जल्द ही रोबोट और ड्रोन बनाना सीखेंगे।
कार्यक्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि भारत सरकार की यह योजना बच्चों में रचनात्मकता, जिज्ञासा और सोचने की क्षमता का विकास करेगी। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा। छोटे-छोटे बच्चे टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भरपूर योगदान करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डा.धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से छात्र-छात्राओं में छिपी वैज्ञानिक प्रतिभा को एक नया आयाम दिया जा सकता है।
प्रबंधक हरि किशोर तिवारी ने कहा कि विद्यालय में आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस लैब की स्थापना की गई है, जो पहली ऐसी प्रयोगशाला है जहां बच्चे पारंपरिक तरीकों से हटकर कुछ नया सीख सकेंगे। अटल टिंकरिंग लैब में बच्चों को ड्रोन बनाना, छोटे-छोटे रोबोट का निर्माण करना, प्रोग्रामिंग से उपकरणों को नियंत्रण करना इत्यादि तकनीकी विशेषज्ञों सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि यह लैब बच्चों के लिए एक वरदान साबित होगी। इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य सलाहकार डा.श्वेता तिवारी, प्रधानाचार्य आशा निकेतन फादर रोशन, प्रधानाचार्य सेंट पीटर्स फादर एंटोनी एवं प्रधानाचार्य उच्च शिक्षण संस्था योगेश दुबे उपस्थित रहे।