जसवंतनगर। साहब मुझे मेरी पत्नी से बचाओ व मुझे मारती है। पत्नी के साथी मेरे साथ कुछ गलत कर सकते है। यह गुहार मंगलवार को क्षेत्र के नगला पसी गांव निवासी एक युवक ने पुलिस से लगाई। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
नगला पसी गांव निवासी अनिल कुमार मंगलवार सुबह कोतवाली पहुंचा। उसने कोतवाल से गुहार लगाते हुए बताया कि वह गुडगांव स्थित एक ऑटो पार्ट्स शोरूम में काम करता था। लॉकडाउन के कारण वह घर आ गया था। उसके घर आने पर पत्नी के व्यवहार में अंतर आने लगा।
आरोप है कि वह उससे छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती है। विरोध करने पर मारपीट करने लगती है, जिससे वह परेशान है। उसने बताया कि कुछ दिनों पहले उसने अपने फंड का दो लाख रुपया खाते से घर बनवाने के लिए निकाला था। यह पैसा पत्नी व उसके साथियों ने छीन लिया।
इसके बाद वह स्कूटी खरीदने गया, तो पत्नी भी साथ में गई। आरोप है कि पत्नी ने चुपके से अपने कागजात लगा स्कूटी अपने नाम करा ली। इसके बाद वह स्कूटी अपने साथियों को दे दी। विरोध करने पर पत्नी मारपीट करती है, उसके साथी धमकी देते है। अनिल ने पत्नी व उसके साथियों पर कभी भी उसके साथ कुछ गलत करने की आशंका जताई है। कोतवाली प्रभारी अमर पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।