इटावा/सैफई। रविवार शाम को आई आंधी ने जिले में जनजीवन अस्व व्यस्त कर दिया। कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली के पोल टूट गए। पोल टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वैदपुरा क्षेत्र में पेड़ गिरने से टिनशेड के नीचे बैठे युवक की दबकर मौत हो गई।
शाम को आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। नगला बाबा गांव में मनोहर (21) पुत्र मुन्ना लाल घर के बाहर पड़े टिनशेड के नीचे जाकर बैठ गया। आंधी में घर के बगल में खड़ा पेड़ उखड़कर टिनशेड और दीवार पर गिर गया। मनोहर दीवार मलबे में दब गया। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने जब तक उसे निकाला जब तब मौत हो चुकी थी। वैदपुरा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कई अन्य जगह भी पेड़ और डालें टूट कर बिजली के तारों पर गिरीं। इससे तार और पोल टूट गए। अधिशाषी अभियंता प्रथम श्रीप्रकाश ने बताया कि आंधी की वजह से विभाग को पांच से छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। रविवार शाम करीब छह बजे गुल हुई बिजली कुछ स्थानों पर चार घंटे बाद बहाल कर दी गई। रामलीला रोड फीडर की बिजली 12:20 बजे बहाल हुई। मैनपुरी फाटक उपकेंद्र की आपूर्ति 2:15 बजे शुरू हुई।
14 घंटे नहीं आई 200 गांवों में बिजली
बकेवर। टकरुपुर से आने वाली 33 हजार विद्युत लाइन में फाल्ट हो गया। इससे बकेवर, लखना, बहादुरपुर, बिजलीघर से जुड़े 200 गांवों की बिजली 14 घंटे गुल रही। कुछ फीडर दोपहर तक चालू नहीं हो सके थे। लखना टाउन को छोड़कर टकरुपुर प्रथम व द्वितीय व बसैयाहार फीडरों की आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। एसडीओ बकेवर भूप सिंह ने बताया आंधी में पोल टूटने से दिक्कत हुई है।
महेवा में दुकान पर रखा टिनशेड़ उड़ गया
महेवा। आंधी से सब्जी मंडी के सामने 11 हजार की मुख्य लाइन के तार टूट जाने से आधे कस्बे की बिजली गुल रही। कन्हैया भदौरिया की दुकान की टीन उड़ गई।
जसवंतनगर क्षेत्र में 36 से अधिक पोल टूटे
जसवंतनगर। सराय भूपत में 15 पोल, एक डबल पोल, एक ट्रांसफार्मर, रायनगर में पांच पोल, शाहजहांपुर मे पांच पोल, फतेहपुरा में पांच पोल टूट गए। धरवार, नगला तौर, तिजौरा, सिरहौल, महलई, नगला हुलासी, मलाजनी, रायनगर आदि गांवों खेतों में पड़ा भूसा उड़ गया। जेई संजय कौशल और मनोज चौहान ने बताया कि 36 से ज्यादा पोल टूटे हैं। ग्राम रतनगढ़ में मजदूर प्रेम शंकर के घर की खपरैल गिर गया।
बसरेहर में आंधी से टूट कर गिरा बिजली का पोल। संवाद- फोटो : ETAWAH
सराय भूपत में तेज आंधी से टूट कर गिरा ट्रांसफार्मर। संवाद- फोटो : ETAWAH
मृतक मनोहर की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : ETAWAH